Thursday, 3 September 2026

कृष्ण जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं


युगपुरुष श्री कृष्ण का जीवन हम सबके लिए प्रेरक, बोधमय एवं कल्याणकारी है। लीलाधारी द्वारकाधीश का गीता उपदेश आज भी प्रासंगिक है। मित्रों, ऐसे पुरषोत्तम भगवान का जन्म और जीवन में आठ अंक का विशेष महत्व है। 

भगवान विष्णु के आठवें अवतार कान्हा का जन्म भादो मास की अष्टमी तिथी को देवकी के आठवें पुत्र के रूप में हुआ। अष्टसिद्धियों के ज्ञाता सुदर्शन को इन सभी चमत्कारी सिद्धियों का उद्गम माना जाता है। पौराणिक ग्रंथो के अनुसार मधुसूदन की आठ पटरानियां हैं, रुक्मिणी, सत्यभामा, जाम्बवती, कालिंदी, मित्रविंदा, सत्या, लक्ष्मणा और भद्रा ।

मित्रों, मुरलीमनोहर का भोजन समय भी अंक आठ से प्रभावित है। कहते हैं यशोदा मैया कान्हा को दिन में आठ समय विभिन्न प्रकार के भोजन कराती थीं। जन्माष्टमी को छप्पन भोग लगाने की परम्परा का भी संयोग इसी से जुङा है। जब सर्वपालक श्री कृष्ण ने सात दिनों तक बिना कुछ खाए गोवर्धन पर्वत अपनी अंगुली पर उठा रखा था तद्पश्चात घर आने पर मां यशोदा ने छप्पन प्रकार के व्यंजन बनाये थे, जो सात एवं आठ का गुणनफल है। मथुरा वृंदावन में आज भी प्रमुख मंदिरों में कान्हा की 24 घंटे की सेवा-पूजा को 8 प्रहरों में विभाजित किया गया है, जिसे 'अष्टयाम सेवा' कहते हैं।

मित्रों, योगेश्वर भगवान कृष्ण का अवतार विविधताओं से परिपूर्ण है। अद्भुत चरित्र के स्वामी य़शोदा नंदन की लिलाएं परमानंद और भक्ति की संचारक हैं। मुरली मनोहर मदन गोपाल महारास में प्रेम का शिखर हैं, तो राजनीति में कर्मठ योद्धा। भक्तवत्सल भगवान कृष्ण द्वारा गीतारूपी संदेश समस्त मानव जाती के लिए उत्तम औषधी के रूप में है जो विपरीत परिस्थिती में सही राह दिखाती है। अपने जीवन से मानव मन को घोर अशांति और संघर्ष में शांत एवं स्थिर रहने का संदेश देने वाले चक्रधारी का जीवन काल 125 वर्षों का रहा। यहां भी अंक आठ  (
1+2+5= 8)  दृष्टीगोचर होता है। 

अष्टसिद्धी के दाता करुणानिधी केशव को जन्मोत्सव पर भावांजली अर्पित करते हैं।  प्रार्थना करते हैं कि, देवकी नंदन के गीता ज्ञान को आत्मसात कर सकें ऐसी भावना का उदय हो और श्री कृष्ण की कृपा हम सबपर सदैव बनी रहे। 

वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्।
देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥🙏

सभी पाठकों को यशोदा के लाल कान्हा के जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई
और शुभकामनाएं ...